स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों में जुटा प्रशासन

13 अगस्त को अंतिम रिहर्सल, जिला स्तरीय मुख्य समारोह शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में होगा आयोजित

रायगढ़, 21 जुलाई। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपकर निर्धारित समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।

15 अगस्त के कार्यक्रम की रूपरेखा तय

कलेक्टर ने बताया कि जिला स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त को शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित होगा। सभी कार्यालयों में सुबह 7:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 8 बजे कलेक्ट्रेट परिसर और 8:30 बजे मुख्य समारोह स्थल पर अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। समारोह की अंतिम रिहर्सल 13 अगस्त को सुबह 8:30 बजे होगी। प्रशस्ति पत्र के लिए विभागों से प्रस्ताव 5 अगस्त तक मांगे गए हैं।

विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

बैठक में पुलिस विभाग को सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई। नगर निगम को साफ-सफाई, शौचालय, 500 कुर्सियों तथा आमंत्रण पत्र वितरण में सहयोग करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को मंच, बैरिकेडिंग, वीआईपी पंडाल, पार्किंग, रंगाई-पुताई और जल निकासी सहित निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा साउंड सिस्टम के लिए अलग विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल और पानी के टैंकर उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय दल, एम्बुलेंस और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। उद्यान विभाग को सजावट और पुष्प व्यवस्था तथा खाद्य विभाग को प्रतिभागी बच्चों के लिए जलपान की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और अतिथियों के सम्मान की तैयारी

बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीद परिवारों, विशिष्ट अतिथियों और पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं के सम्मान की विस्तृत कार्ययोजना भी तैयार की गई। अनुविभागीय अधिकारियों और तहसीलदारों को सभी आमंत्रित अतिथियों तक निमंत्रण पहुंचाने तथा उनके आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला शिक्षा अधिकारी को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन और संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देंगे, जबकि उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को सम्मानित किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिजनों के सम्मान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Back to top button