हसदेव अरण्य पर राहुल गांधी के आदेश का अक्षरशः पालन करेंगे, मंत्री रविंद्र चौबे बोले- PM मोदी के भाषणों में सिर्फ झूठ

छत्तीसगढ़ सरकार के प्रवक्ता और कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी की उपलब्धि गिनाने पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के परिपेक्ष्य में पीएम मोदी की उपलब्धि कुछ भी नहीं है। यहां के पब्लिक सेक्टर के कारखाने नीलामी में चल रहे हैं। बस्तर के नगरनार प्लांट को बेचने लिस्टिंग कर दिए हैं। आखिर उनकी उपलब्धि क्या है। महंगाई बढ़ रही है। बेरोजगारी कम नहीं हुई। किसानों को कोई मदद नहीं मिली। कोरोनाकाल में 20 लाख करोड़ देने की घोषणा की गई थी और 20 पैसे भी नहीं मिले। पीएम मोदी के भाषणों में असत्य कथन होता है।

लंदन के कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी द्वारा हसदेव अरण्य को बचाने पार्टी के अंदर बात करने और आदिवासियों का विरोध वाजिब होने की बात पर मंत्री चौबे ने कहा कि राहुल गांधी हमारे सर्वमान्य नेता हैं। हमारी सरकार राहुल गांधी के आदेश का अक्षरशः पालन करेगी। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर मंत्री चौबे ने कहा कि सीएम भूपेश बघेल के हाईकमान से चर्चा के बाद नामों पर फैसला हो जाएगा। दोनों सीट कांग्रेस को निर्विरोध मिलना है। इसलिए हमें चिंता नहीं करनी चाहिए। कपिल सिब्बल के समाजवादी पार्टी से नामांकन दाखिल करने पर रविंद्र चौबे ने कहा कि उन्होंने निर्दलीय तौर पर समाजवादी पार्टी के समर्थन से नामांकन दाखिल किया है। वे समाजवादी पार्टी में गए नहीं हैं। आने वाले समय में देखिए और क्या होता है।

पुरंदेश्वरी अपनी पार्टी की चिंता करें
भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी के बयान कांग्रेस ने ताम्रध्वज साहू व टीएस सिंहदेव को धोखा दिया। उनसे पूछिए की सीएम का चेहरा कौन होगा पर पलटवार करते हुए रविंद्र चौबे ने कहा कि उनके बयान से तो ऐसा लगता है जैसे वो बहुत अरसे तक कांग्रेस की लीडरशिप में रहीं हैं। उनके अंदर अभी भी कांग्रेस का जींस बोलता है। उन्हें कांग्रेस के बारे में टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। किसे कब पद दिया जाएगा, कौन सा पद मिलेगा। यह तय करने का काम कांग्रेस हाईकमान का है। उन्हें अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए। भाजपा में सिर फुटौव्वल की स्थिति है।

पीएम मोदी की 3 बड़ी योजनाएं फ्लाप 
देश-दुनिया में भारत का मान सम्मान बढ़ने के डॉ. रमन सिंह व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के बयान पर मंत्री चौबे ने कहा कि सिर्फ बयान दे रहे हैं। डॉ. रमन सिंह को बताना चाहिए कि यदि किसानों के जीवन में परिवर्तन हुआ तो महंगाई, बेरोजगारी क्यों बढ़ी? उन्हीं के पार्टी के लोग देश नहीं बिकने दूंगा के बजाय देश नहीं बचने दूंगा के नारे लगा रहे हैं। चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री की 3 बड़ी योजना थी। जन-धन खाता डिफ्लाट हो गया है। 15 लाख आने की बात कही थी, 15 पैसे नहीं आया। स्वच्छ भारत मिशन शुरू किया। आधे हिन्दुस्तान का टायलेट ध्वस्त हो गया है। उज्ज्वला योजना शुरू किया। 20 प्रतिशत लोग कीमत बढ़ने की वजह से गैस सिलेंडर नहीं भरा रहे हैं। मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी के लोग उत्तर नहीं दे पा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button