101 दुकानों पर ताला कांग्रेस राज की देन, अब किस मुंह से मांग रहे 450 दिन का हिसाब?” — आबिद मेमन
मुजम्मिल खान @ छुरिया। कांग्रेस के जंगी प्रदर्शन पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा छुरिया मंडल अध्यक्ष आबिद मेमन ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस आज 450 दिन का हिसाब मांग रही है, लेकिन पहले खुज्जी विधानसभा में अपने करीब 20 साल के विधायक कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखे।
मेमन ने कहा कि यदि सड़क, विकास, रोजगार और मूलभूत सुविधाएं आज भी कांग्रेस के लिए आंदोलन का मुद्दा हैं, तो सवाल है कि इतने वर्षों तक कांग्रेस के विधायक क्या करते रहे? विधायक रहते हुए इन समस्याओं के समाधान के लिए क्या प्रयास किए गए, इसका जवाब जनता चाहती है।
उन्होंने छुरिया की 101 दुकानों के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि जब इन दुकानों पर ताला लगा था, तब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, क्षेत्र में कांग्रेस के विधायक थे और नगर पंचायत में भी कांग्रेस का नेतृत्व था। उस समय दुकानदारों के हक के लिए कांग्रेस ने धरना या चक्काजाम क्यों नहीं किया?
मेमन ने कहा, “आज 450 दिन का हिसाब मांगने वालों को पहले बताना चाहिए कि कांग्रेस शासनकाल में 101 दुकानों पर ताला क्यों लगा रहा और तब जिम्मेदार जनप्रतिनिधि क्या कर रहे थे? सत्ता में रहते समस्या दिखाई नहीं दी और सत्ता से बाहर आते ही जनहित याद आ गया।”
उन्होंने कांग्रेस के जंगी प्रदर्शन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मंच पर भाषण और चक्काजाम से पुराने सवाल खत्म नहीं होंगे। जनता अब यह पूछ रही है कि लंबे समय तक विधायक रहने के बावजूद क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान क्यों नहीं हुआ।
आबिद मेमन ने कहा कि जनता को भाषण नहीं, काम और जवाब चाहिए। कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन को राजनीतिक नौटंकी बताते हुए कहा कि पहले अपने कार्यकाल का आईना जनता को दिखाएं, फिर भाजपा सरकार से हिसाब मांगें।



