
1542 कुल वोटर्स,1229 ने वोट डाले और 436 मत से उपचुनाव जीत लिया कांग्रेस ने
जगदलपुर । शहर की इंदिरा वार्ड में एक मई को हुए उपचुनाव के नतीजे आज सुबह घोषित हो गए। जिसमें कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की है। इस वार्ड में कुल 1542 मतदाता है। जिन में से 1229 में ने मतदान किया था। वहीं 436 वोट से कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी को पटकनी दे दी। मतगणना के करीब डेढ़ घंटा के अंदर ही स्थिति साफ हो गई थी। हालिया नतीजे ने कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को जोश से भर दिया है। उधर जीत की घोषणा होते ही कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में मिठाई बांटने का दौर शुरू हो गया। इस मौके पर जोशिले कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशियां मनाई।
इस उप चुनाव में महत्वपूर्ण यह था कि कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के दिग्गजों ने वार्ड में प्रचार किया था। एक और जहां विधायक किरण सिंह देव,महापौर संजय पांडे समेत भाजपा के बड़े नेता मैदान पर थे। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज,जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य, पूर्व विधायक रेख चंद जैन, वरिष्ठ नेता मिथिलेश स्वर्णकार समेत अन्य नेताओं ने मोर्चा संभाला हुआ था।
इंदिरा वार्ड पिछले करीब तीन दशक से कांग्रेस का गढ़ है। पूर्व विधायक रेख चंद जैन भी किसी समय इस वार्ड से पार्षद थे। अभी हाल में पार्षद अब्दुल रशीद के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। भाजपा ने इस सीट पर जीत दर्ज करने के लिए भरसक प्रयास किया लेकिन कांग्रेस के गढ़ में जीत नहीं दर्ज कर पाए।


