19.75 टन कोयला गबन मामले में फरार कांटा बाबू गिरफ्तार
फर्जी तौल पर्ची जारी कर किया गया था कोयले का गबन, पुलिस ने ग्राम खोहा से दबोचा
जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत महावीर कोलवासरी में 19.75 टन कोयले के गबन के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे कांटा बाबू ईश्वरी प्रसाद पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
तौल में गड़बड़ी से खुला था मामला
मामले की शुरुआत 28 दिसंबर 2024 को हुई थी, जब महावीर कोलवासरी में कार्यरत राजकुमार मिश्रा ने बलौदा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि कुसमुंडा खदान से कोयला लेकर पहुंचे दो ट्रकों की तौल के दौरान अनियमितता की आशंका हुई थी।
ड्यूटी पर मौजूद गार्ड और कोल यार्ड सुपरवाइजर को ट्रकों में कोयले की मात्रा कम दिखाई देने पर संदेह हुआ, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
बिना वास्तविक तौल के जारी की गई पर्ची
जांच में सामने आया कि नाइट शिफ्ट में तैनात कांटा बाबू ईश्वरी प्रसाद पटेल ने ट्रकों का वास्तविक वजन किए बिना ही अन्य वाहनों का ग्रॉस वजन दर्ज कर कांटा पर्ची जारी कर दी थी। इसके बाद दोनों ट्रकों को कोल यार्ड में अनलोडिंग के लिए भेज दिया गया।
दोबारा तौल में सामने आई भारी कमी
अनलोडिंग के दौरान कोयले की मात्रा कम प्रतीत होने पर दोनों ट्रकों का पुनः वजन कराया गया। दोबारा तौल में एक ट्रक में 7.05 टन और दूसरे में 12.70 टन कोयला कम पाया गया।
इस तरह कुल 19.75 टन कोयले की कमी सामने आई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये आंकी गई।
दर्ज हुआ आपराधिक मामला
घटना के बाद बलौदा थाने में अपराध क्रमांक 02/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा
मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बलौदा पुलिस ने ग्राम खोहा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में स्वीकार किया अपराध
पुलिस पूछताछ में आरोपी ईश्वरी प्रसाद पटेल ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



