300 किलो गांजा तस्करी मामले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 10.17 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 300 किलोग्राम गांजा तस्करी मामले के मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले महीने करोड़ों रुपये मूल्य की गांजा खेप पकड़े जाने के बाद से फरार चल रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि 5 जून 2026 को रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही लगभग 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त की थी। उस कार्रवाई में करीब 1.50 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा, परिवहन में प्रयुक्त वाहन और अन्य सामग्री सहित कुल लगभग 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।

मामले में गिरफ्तार तीन अंतरराज्यीय तस्करों से पूछताछ के दौरान शुभम यादव का नाम पूरे नेटवर्क के मुख्य संचालक के रूप में सामने आया था। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल ट्रैकिंग और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखी। इसी दौरान 8 जुलाई को सूचना मिली कि आरोपी एक कार से रायगढ़ क्षेत्र में घूम रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस की मौजूदगी का आभास होने पर आरोपी वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने कुंजारा के पास उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम यादव (29 वर्ष) निवासी विवेकनगर कॉलोनी, थाना चचाई, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कार, मोबाइल फोन, घड़ी, 3 हजार रुपये नकद, वाहन के दस्तावेज और एटीएम कार्ड सहित कुल लगभग 10.17 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी नेटवर्क के संचालकों और आर्थिक लाभ लेने वालों तक पहुंचकर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button