
6 साल के बच्चे ने लगा ली फांसी ! पिता को हत्या कर लटकाने का शक, पुलिस कह रही खेलते-खेलते रस्सी गले में फंसी होगी…पढ़िये पूरी खबर
बिलासपुर। यहां से एक छह साल के बच्चे के फांसी लगाकर जान देने की खबर मिली है। सवाल यह उठता है कि क्या कोई छह साल का बच्चा खुद से फंदे पर लटक सकता है? घटना के बारे में प्राप्त विवरण के अनुसार जिला मुख्यालय बिलासपुर से लगते कोनी थाना क्षेत्र के गतौरी गांव में बच्चे के माता-पिता व परिजन पड़ोस में रिश्तेदार के यहां शादी में गए थे। बच्चा भी उनके साथ शादी में गया था। अचानक वह खेलने के लिए घर आ गया। सिर्फ 20 मिनट बाद उसकी मौसी और भाई घर पहुंचे, तब उसकी लाश फंदे पर लटक रही थी। पुलिस कह रही है कि खेलते-खेलते बच्चे के गले में रस्सी फंस गई होगी और फंदा बन गया होगा। वहीं बेटे के माथे पर चोट के निशान हैं, जिसे देखकर बच्चे के पिता ने हत्या की आशंका जताई है।
ग्राम गतौरी निवासी राजकुमार भारती अपने परिवार के सदस्यों के साथ सोमवार की दोपहर को अपने पड़ोसी के घर शादी में शामिल होने गए थे। उनके साथ 6 साल का बेटा मानस भारती भी गया था। शादी घर में परिजन को छोड़कर मानस खेलने के लिए घर जाने की बात कहकर निकला। फिर अपने घर चला गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मानस के शादी घर से निकलने के महज 20 मिनट बाद उसकी 14 साल की बुआ और 9 साल का भाई घर आए। तब मानस का शव फंदे पर लटक रहा था। घबराकर उन्होंने तत्काल इस घटना की जानकारी परिजनों को दी। मानस के माथे पर चोट के निशान भी मिले हैं। उसके माथे से खून निकल रहा था। ऐसे में उसके पिता राजकुमार ने बेटे की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने की आशंका जताई है। कोनी थानेदार सुनील तिर्की के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस के डॉयल 112 को कॉल किया, जब तक पुलिस गांव पहुंची, परिजनों ने बच्चे के शव को फंदे से उतार लिया था। बच्चे के पिता ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस को शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।