यूक्रेन में मारे गए भारतीय छात्र के परिवार ने कहा- कोई भी शव वापस लाने की पुष्टि नहीं कर रहा

युद्धग्रस्त यूक्रेन (Ukraine) में गोलाबारी में मारे गए नवीन शेखरप्पा ज्ञानगौदर (Naveen Shekharappa Gyangoudar) के परिजन मृतक युवक का शव (Body) जल्द से जल्द आने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। परिवार के सदस्यों को अब तक अधिकारियों से कोई विशेष जानकारी नहीं मिली है कि उनके बेटे का शव कब भारत (India) वापस लाया जाएगा। मृतक नवीन के भाई हर्ष ने बुधवार को कहा कि कोई भी पुष्टि नहीं कर रहा है कि शव वापस लाया जाएगा या नहीं। उसका शव हमारे पास वापस लाया जाना चाहिए। उसके दोस्त जिंदा वापस आ रहे हैं और हम मौत की खबर का सामना कर रहे हैं। वहीं नवीन के पिता शेखरप्पा ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे को खो दिया है। वह चाहते हैं कि सरकार अन्य लड़कों को जीवित भारत वापस लाए। हजारों छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं, वे हमारे देश की संपत्ति हैं। उन्हें सुरक्षित वापस लाया जाना चाहिए।

नवीन के पिता शेखरप्पा ने भी अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि जाति और डोनेशन के कारण उनके बेटे को अपना जीवन खोना पड़ा। शेखरप्पा ने सरकार से उनके बेटे का शव वापस लाने की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार, नवीन स्कूल में टॉपर था। नवीन ने एसएसएलसी (कक्षा 10) परीक्षा में 626 में से 606 अंक हासिल किए थे। मृतक नवीन को जून में 8वीं सेमेस्टर की परीक्षा देनी थी। वह इंटर्नशिप करने का भी प्लान कर रहा था। वह II PUC के बाद यूक्रेन गया था। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा है कि शव को तत्काल लाना संभव नहीं हो सका है। उन्होंने दो या तीन दिनों में शव को भारत वापस लगाने के लिए विदेश मंत्रालय से अपील की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नवीन का शव युद्ध क्षेत्र में पड़ा है, जिससे अधिकारियों के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। इस खबर से नवीन के परिवार और रिश्तेदारों में शोक गहरा गया है। नवीन के मामा राजशेखर गौड़ा ने कहा कि नवीन को सरकारी कोटे के तहत मेडिकल की सीट नहीं मिली। क्योंकि नवीन का परिवार डोनेशन नहीं दे सकता था। वे अपने डॉक्टर बनने के सपने को पूरा करने के लिए यूक्रेन गया था। उन्होंने डोनेशन की व्यवस्था को दोषी ठहराया जिसके परिणामस्वरूप नवीन की मौत हुई। मीडिया में आईं खबरों के मुताबिक- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने मृतक नवीन के परिवार से व्यक्तिगत रूप से बात की है। साथ ही परिवार को आश्वासन दिया है कि शव को भारत वापस लाने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button