पुलिस स्टेशन के सामने ‘खलनायक’ बन रहे थे युवक, पुलिस ने निकाली हेकड़ी

गोंडा : यूपी के गोंडा में दो युवकों को थाने के अंदर रील बनाना भारी पड़ गया. दरअसल, गोंडा पुलिस के आधिकारिक ट्विटर (अब X) हैंडल से एक वीडियो शेयर किया गया है. इसमें दो युवक थाने के सामने खड़े होकर रील बना रहे हैं. एक युवक मोबाइल पकड़े हुए है जबकि दूसरा पीछे से चलता हुआ आ रहा है. बैकग्राउंड में संजय दत्त की ‘खलनायक’ फिल्म का सॉन्ग- ‘मैं भी शराफत से जीता मगर मुझको शरीफों से लगता था डर…’ चल रहा है.

ʼरील के चक्कर में निकल गई हेकड़ी’

युवकों ने इस रील को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लगाया, जहां से ये वायरल हो गई. इसके बाद पुलिस ने थाने में रील बनाने के आरोप में दोनों को पकड़ लिया. गोंडा पुलिस ने इसकी जानकारी देते हुए लिखा- तू भी शराफत से जी रहा था, रील के चक्कर में निकल गई है हेकड़ी. थाने के अंदर रील बनाना बड़ा भारी, थाना वजीरगंज पुलिस ने थाने के अंदर रील बनाने वाले दो युवकों को किया गिरफ्तार.

फोटोज में दो युवकों को वजीरगंज थाने में दिखाया गया है. ये वही थाना है जिसके सामने खड़े होकर युवकों ने रील बनाई थी. गिरफ्तार युवकों का रामगोपाल और अमरनाथ बताया जा रहा है. दोनों ही वजीरगंज के रहने वाले हैं.

हालांकि, कमेंट सेक्शन में बहुत सारे यूजर्स ने पुलिस के एक्शन पर सवाल भी उठाया. लोगों ने पूछा कि सिर्फ रील बनाने के लिए युवकों को गिरफ्तार कर इस तरह से प्रदर्शित करना कितना सही है? वहीं, कुछ लोग ऐसे भी हैं जिन्होंने रील के दीवानों पर एक्शन को सही ठहराया. उन्होंने कहा कि हर जगह रीलबाजी अच्छी नहीं.

Share This Article
Leave a review