
*सर्व ब्राह्मण समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन*
बेमेतरा_जिले के ग्राम संडी में स्थित सिद्धि शक्ति पीठ सिद्धि माता मंदिर परिसर एवं उसके आसपास क्षेत्र में पशु बलि, खुलेआम मांस सेवन एवं शराबखोरी जैसी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग को लेकर सर्व ब्राह्मण समाज, जिला–बेमेतरा द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि विगत कुछ माह से मंदिर परिसर के आसपास तथा संडी मार्ग व खेतों में बाहर से आने वाले लोगों द्वारा बड़ी संख्या में बकरों की बलि दी जा रही है। इसके बाद वहीं मांस सेवन एवं शराब का सेवन खुलेआम किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र का धार्मिक एवं सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार किसी भी पवित्र स्थल पर बलि प्रथा निषिद्ध है, इसके बावजूद यह गतिविधियां लगातार जारी हैं।
समाज ने बताया कि पूर्व में इस तरह की असामाजिक गतिविधियों के विरोध में ज्ञापन सौंपा गया था, जिसके बाद एसडीओपी के समझाइश से कुछ समय के लिए स्थिति नियंत्रित हुई थी, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई स्थायी न होने के कारण समस्या पुनः गंभीर रूप ले रही है। मंदिर प्रशासन को भी अवगत कराया गया, परंतु अपेक्षित परिणाम नहीं निकल सके।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि 3 फरवरी 2026 को शिवगंगा सलधा आश्रम के सामने स्थित जंजरी बलि मंदिर प्रांगण में अन्य ग्राम से आए लोगों द्वारा पुनः बकरों की बलि देने का प्रयास किया गया, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया। समाज ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
सर्व ब्राह्मण समाज ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर परिसर एवं आसपास क्षेत्र में बलि, शराबखोरी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा इसकी पुनरावृत्ति होने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। समाज ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाएं होती हैं तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन देने वालों में सर्व ब्राह्मण समाज से लेखमणि पाण्डेय प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र शुक्ला जिलाध्यक्ष दीपक पाण्डेय प्रदेश प्रचार सचिव डॉ शिवेंद्र त्रिपाठी राकेश तिवारी गिरीश मिश्रा रामाधार तिवारी अजय शुक्ला प्रमुख थे।





