अमित शाह 7 फरवरी से छत्तीसगढ़ में तीन दिवसीय दौरे पर


राज्य में सुरक्षा समीक्षा और बस्तर पंडुम महोत्सव में शामिल होंगे केंद्रीय गृह मंत्री

रायपुर । केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह सात फरवरी से छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। अपने प्रवास के दौरान वे राज्य में आंतरिक सुरक्षा, वामपंथी उग्रवाद और प्रशासनिक मामलों की समीक्षा करेंगे, साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

पहला दिन: रायपुर में बैठक

दौरे के पहले दिन यानी सात फरवरी की शाम अमित शाह रायपुर में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में राज्य से जुड़े प्रशासनिक मुद्दों और सुरक्षा से संबंधित मामलों पर विस्तार से चर्चा होगी।

दूसरा दिन: सुरक्षा बैठक और राष्ट्रीय कॉनक्लेव

आठ फरवरी को अमित शाह रायपुर में वामपंथी उग्रवाद पर उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, साथ ही सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसी दिन वे राष्ट्रीय कॉनक्लेव ‘छत्तीसगढ़ एट द रेट ट्वेंटी फाइव: शिफ्टिंग द लेंस’ में मुख्य अतिथि के रूप में भी भाग लेंगे।

तीसरा दिन: बस्तर पंडुम महोत्सव का समापन

दौरे के अंतिम दिन, नौ फरवरी को अमित शाह जगदलपुर जाएंगे और बस्तर पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे राज्य की संस्कृति और परंपराओं का अनुभव भी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button