जांजगीर-चांपा: नांदघाट के पास भीषण सड़क हादसा, स्वास्थ्य विभाग के दो कर्मचारियों की मौत

जांजगीर-चांपा। जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्वास्थ्य विभाग के दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि एक मुख्य लिपिक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना नांदघाट के पास उस समय हुई, जब शासकीय कार्य से रायपुर जा रही सरकारी बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। बोलेरो सुबह लगभग आठ बजे जांजगीर-चांपा से सीएमएचओ कार्यालय के कार्य से रायपुर के लिए रवाना हुई थी।

टक्कर इतनी भीषण कि वाहन का अगला हिस्सा चकनाचूर

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे खड़े ट्रक का पिछला हिस्सा सड़क की ओर निकला हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो संभवतः ओवरटेक या साइड से निकलने के प्रयास में ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

चालक सत्येंद्र उपाध्याय (लगभग 49-50 वर्ष) स्टीयरिंग और सीट के बीच फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वाहन का एयरबैग भी खुला, बावजूद इसके टक्कर की तीव्रता अधिक होने से उनकी जान नहीं बच सकी।

दो की मौके पर मौत, एक गंभीर

हादसे में वाहन में सवार रमेश की भी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुख्य लिपिक सी.एल. साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर स्थित अपोलो अस्पताल रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।

ट्रक चालक फरार

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई जारी है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रक सड़क पर किस परिस्थिति में खड़ा था और क्या यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button