
4 मार्च को होली पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने पुलिस प्रशासन का व्यापक सुरक्षा प्लान तैयार
राजधानी रायपुर में 4 मार्च को मनाए जाने वाले होली पर्व को लेकर अभी से उत्साह चरम पर है। बाजारों में रंग-गुलाल, पिचकारी और पर्व से जुड़ी सामग्रियों की खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। शहर में चारों ओर होली की रंगत दिखाई दे रही है। इसी बीच त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार कर ली है।
ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी, प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष नजर
रायपुर पुलिस ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, घनी बस्तियों और व्यस्त इलाकों में ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। सड़क पर पेट्रोलिंग के साथ-साथ आसमान से भी हर गतिविधि पर नजर रहेगी।
संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष पुलिस टीमें तैनात की गई हैं, जो संवेदनशील क्षेत्रों में सक्रिय रहेंगी।
3000 से अधिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर, ड्रिंक एंड ड्राइव और ट्रिपल राइडिंग पर सख्त कार्रवाई
होली पर्व के मद्देनजर राजधानी में 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। जिन जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, वे सोमवार शाम से बुधवार शाम तक लगातार सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
इसके अतिरिक्त पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव और ट्रिपल राइडिंग (तीन सवारी) करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। तेज रफ्तार, हुड़दंग और कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रायपुर पुलिस का यह व्यापक सुरक्षा प्रबंध शहरवासियों को सुरक्षित वातावरण में होली मनाने का भरोसा दिला रहा है।




