थाईलैंड में एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार, सभी यात्री सुरक्षित

फुकेट, 13 मार्च: थाईलैंड के फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट लैंडिंग के दौरान तकनीकी हादसे का शिकार हो गई। विमान के रनवे पर उतरते ही उसका नोज गियर टूट गया और आगे का पहिया अलग हो गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।

मिली जानकारी के अनुसार फ्लाइट हैदराबाद से फुकेट जा रही थी। विमान तय समय से पहले सुबह करीब 11:24 बजे फुकेट एयरपोर्ट पर उतरा, जबकि इसका निर्धारित समय 11:40 बजे था। लैंडिंग के दौरान विमान की गति अधिक होने की वजह से आगे वाले लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा और नोज व्हील अलग हो गया।

घटना के बाद विमान तुरंत रनवे से हटाया नहीं जा सका, जिसके चलते फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट का रनवे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन ने दोपहर 12:08 बजे से शाम 6 बजे तक रनवे बंद रखने की सूचना जारी की, ताकि विमान को हटाने और रनवे की सुरक्षा जांच की जा सके।

बताया गया है कि फ्लाइट AXB938 में कुल 133 यात्री सवार थे, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे। इसके अलावा विमान में सात क्रू सदस्य मौजूद थे। घटना के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

एअर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने बयान में कहा कि हैदराबाद से फुकेट जा रही फ्लाइट के लैंडिंग के दौरान नोज व्हील में तकनीकी समस्या आ गई थी। विमान बोइंग 737-800 था और इसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-BWQ बताया गया है।

फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति के बारे में एयरलाइन से जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।

Share This Article
Leave a review