कक्षा 12वीं हिन्दी परीक्षा पर्चा वायरल: माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने FIR दर्ज कराई, साइबर सेल से जांच

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने 14 मार्च 2026 को आयोजित कक्षा 12वीं की हिन्दी विषय की बोर्ड परीक्षा से जुड़े एक कथित हस्तलिखित पर्चे के सोशल मीडिया पर वायरल होने के दावे को गंभीरता से लिया है। मण्डल ने एहतियातन मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर पुलिस और साइबर सेल से विस्तृत जांच कराने का निर्णय लिया है।

वायरल पर्चे के दावे

मण्डल को 15 मार्च को शाम 5 बजे व्हाट्सएप और 16 मार्च को मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से जानकारी मिली कि एक छात्र संगठन ने दावा किया कि 13 मार्च 2026 को, यानी परीक्षा से एक दिन पहले, हिन्दी विषय से संबंधित प्रश्नों का हस्तलिखित पर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

मीडिया रिपोर्टों में कहा गया कि वायरल पर्चे के प्रश्न और परीक्षा में पूछे गए बी-सेट प्रश्नपत्र के कुछ प्रश्नों में समानता थी। हालांकि, सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में प्रकाशित पर्चा स्पष्ट और पूरी तरह पठनीय नहीं है, इसलिए इसकी सत्यता की सीधे तौर पर पुष्टि नहीं हो पा रही है।

मण्डल का रुख

माध्यमिक शिक्षा मण्डल के सचिव ने स्पष्ट किया कि संबंधित सामग्री परीक्षा संपन्न होने के बाद सामने आई है, इसलिए प्राथमिक दृष्टि से इसे प्रश्नपत्र लीक की घटना नहीं माना जा सकता। इसके बावजूद संवेदनशील और महत्वपूर्ण परीक्षा को ध्यान में रखते हुए मण्डल ने मामले को गंभीरता से लिया।

आगे की कार्रवाई

  • एहतियात के तौर पर FIR दर्ज कराई गई।
  • पुलिस और साइबर सेल से प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जाएगी।
  • मण्डल ने भरोसा दिलाया कि परीक्षाओं की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बोर्ड पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
  • किसी भी अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मण्डल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button