विधानसभा में सीएम साय का कांग्रेस पर हमला, “कुशासन नहीं भूली जनता”

रायपुर। विधानसभा में अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के पांच साल के “कुशासन” को आज भी नहीं भूली है और उस दौर में भ्रष्टाचार व अव्यवस्था हावी रही।

योजनाओं, खनन और युवाओं के मुद्दे पर घेरा

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की कई योजनाएं कागजों तक सीमित रहीं। उन्होंने नरवा, गरुवा, घुरुवा, बारी योजना और गौठानों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि इन पर भारी खर्च के बावजूद जमीनी परिणाम नहीं मिले।

आबकारी व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि शराब दुकानों में दोहरी व्यवस्था चलती थी, जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला। वहीं युवाओं के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी संस्थाओं में दागी लोगों की नियुक्ति कर युवाओं के साथ अन्याय किया गया।

खनन और राजस्व के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन में ट्रांजिट पास को मैनुअल कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया, जबकि डीएमएफ फंड का उपयोग भी नियमों के विपरीत हुआ। उन्होंने रेत खनन में माफिया के सक्रिय होने और अवैध कारोबार बढ़ने के भी आरोप लगाए।

“डबल इंजन सरकार से विकास को गति”

सीएम साय ने कहा कि वर्तमान में “डबल इंजन सरकार” के चलते विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने दो वर्षों में सिंचाई के लिए 11,107 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत किए, जबकि पिछली सरकार के पांच वर्षों में यह आंकड़ा 5,794 करोड़ रुपये था।

उन्होंने कहा कि 25 हजार हेक्टेयर सिंचाई क्षमता विकसित की जा चुकी है और अटल सिंचाई योजना के तहत 115 परियोजनाओं को पुनः शुरू किया गया है, जिससे 76 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को लाभ मिलेगा।

डिजिटल, ग्रामीण और मीडिया पर भी बयान

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन में ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की उपेक्षा हुई, जबकि उनकी सरकार डिजिटल कनेक्टिविटी बढ़ाने पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि डिजिटल भारत निधि के तहत 751 मोबाइल टावर शुरू किए जा चुके हैं और 2300 अतिरिक्त टावरों का प्रस्ताव भेजा गया है।

Back to top button