रायगढ़ : LPG संकट पर कांग्रेस का हमला, केंद्र और राज्य सरकार को घेरा
रायगढ़। जिले में पिछले कई हफ्तों से जारी घरेलू रसोई गैस (LPG) की किल्लत और ब्लैक मार्केटिंग के बीच जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री वसीम खान ने केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार पर तीखा हमला बोला है।
वसीम खान ने कहा कि यह संकट केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की विदेश नीति की गलतियों और राज्य सरकार की जनता के प्रति उदासीनता का नतीजा है। उन्होंने बताया कि भारत अपनी LPG जरूरत का 60% से अधिक मध्य पूर्व से आयात करता है, और अंतरराष्ट्रीय भू-राजनीतिक तनाव के चलते आपूर्ति बाधित हो रही है।
केंद्र की विदेश नीति पर सवाल
[img-slider id="274450"]
वसीम खान ने कहा, “प्रधान मंत्री विदेश यात्रा का दावा करते हैं, लेकिन जब देश के आम आदमी की रसोई की बात आती है, तो उनकी विदेश नीति ढह जाती है। अंतरराष्ट्रीय संबंधों का उपयोग संकट के समय आपूर्ति बहाल करने के लिए क्यों नहीं किया गया?”
राज्य सरकार पर नाराजगी
राज्य की भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि रायगढ़ जिले की जनता लंबी लाइनों में खड़ी है और ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद कई हफ्तों तक सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रशासन कालाबाजारी पर रोक क्यों नहीं लगा रहा और सप्लाई चैन की निगरानी कहां है।
कांग्रेस की मांगें
वसीम खान ने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस जनता को असहाय नहीं छोड़ सकती। उन्होंने मांग की:
जिला प्रशासन तुरंत गैस एजेंसियों का स्टॉक ऑडिट करे और कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करे।
राज्य सरकार केंद्र पर दबाव डालकर रायगढ़ जिले के लिए गैस का कोटा तुरंत बढ़वाए।
आम जनता को राहत देने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जाएं।
वसीम खान ने स्पष्ट किया कि जब तक आपूर्ति सामान्य नहीं होती, तब तक जनता को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।



