रायगढ़ में अवैध अफीम खेती पर बड़ा अभियान, 72 घंटे में कई जगह कार्रवाई

रायगढ़। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चल रही कार्रवाई के तहत बीते 72 घंटों में तमनार क्षेत्र के आमाघाट से लेकर लैलूंगा विकासखंड के ग्राम नवीन घटगांव और मुड़ागांव तक अफीम की अवैध खेती पर कार्रवाई की गई है।

इस अभियान से अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

ड्रोन सर्वे से निगरानी तेज

पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेसवार्ता में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सघन जांच और संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है।

उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा सभी अनुविभागों में व्यापक ड्रोन सर्वे अभियान चलाया गया है, जिससे दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में भी निगरानी संभव हो सकी है।

इन क्षेत्रों में हुआ सर्वे

ड्रोन सर्वे के तहत निम्न क्षेत्रों में जांच की गई—

  • खरसिया: 14 ग्राम
  • घरघोड़ा: 10 ग्राम
  • तमनार: 12 ग्राम
  • लैलूंगा: 4 ग्राम
  • मुकडेगा: 3 ग्राम
  • रायगढ़: 11 ग्राम
  • पुसौर: 13 ग्राम
  • धरमजयगढ़: 7 ग्राम

प्रशासन का कहना है कि ड्रोन तकनीक के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, संग्रहण और तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Back to top button