रायगढ़ में सनसनीखेज हत्या का खुलासा: लिव-इन पार्टनर ने मंगलसूत्र से गला घोंटकर महिला की हत्या, कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी को दबोचा

अस्पताल से मिली संदिग्ध मौत की सूचना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज

रायगढ़। कोतरारोड़ पुलिस ने महिला की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा करते हुए हत्या का पर्दाफाश किया है। 01 अप्रैल 2026 को जिंदल अस्पताल पतरापाली से धनेश्वरी विश्वकर्मा (32 वर्ष), निवासी पोड़ीभाठा अकलतरा की मौत की सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत गले पर दबाव से दम घुटने के कारण हुई है, जिसे चिकित्सक ने “होमीसाइडल” (हत्या) बताया।


लिव-इन पार्टनर पर शक, पूछताछ में कबूला जुर्म

जांच के दौरान पुलिस को मृतिका के लिव-इन पार्टनर विकेश बरेठ पर संदेह हुआ। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घरेलू विवाद और कहासुनी के बाद उसने गुस्से में आकर महिला के मंगलसूत्र से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।


झगड़े और विवाद के बाद हुआ हादसा, अस्पताल में घोषित की गई थी मौत

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पिछले लगभग चार वर्षों से साथ रह रहे थे। घटना के दिन दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने महिला को थप्पड़ मारा और फिर मंगलसूत्र से गला दबा दिया, जिसके बाद महिला बेहोश हो गई और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में आरोपी गिरफ्तार

कोतरारोड़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 100/2026 के तहत धारा 103(1), 238 बीएनएस में मामला दर्ज कर आरोपी विकेश कुमार बरेठ (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


एसएसपी का संदेश: गंभीर अपराधों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आपसी विवाद को हिंसा में बदलना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में पुलिस ठोस साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई कर न्यायालय में मजबूत चालान पेश करेगी।

Back to top button