रायगढ़: कसेर समाज की दो दिवसीय महासभा सम्पन्न, कृष्णवल्लभ केषरवानी बने नए अध्यक्ष

चापले के मंगल भवन में छत्तीसगढ़ कसेर समाज की राज्य स्तरीय महासभा आयोजित

रायगढ़, खरसिया। ग्राम चापले के मंगल भवन में छत्तीसगढ़ कसेर समाज की दो दिवसीय महासभा 04 एवं 05 अप्रैल 2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस बैठक में महासमुंद, सरंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, रायगढ़, सरगुजा और जांजगीर-चांपा सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष शामिल हुए।


माता सती (दुर्गा) की पूजा और श्रद्धांजलि के साथ हुई बैठक की शुरुआत

महासभा के पहले दिन कार्यक्रम की शुरुआत समाज की कुल देवी माता सती (दुर्गा) की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन और पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद पूर्व अध्यक्ष स्व. अभयराम केषरवानी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक मिनट का मौन रखा गया। समाज के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।


अध्यक्ष पद के लिए हुआ मतदान, कृष्णवल्लभ केषरवानी ने दर्ज की जीत

दूसरे दिन समाज के नए अध्यक्ष का चुनाव मतदान के माध्यम से कराया गया। तीन प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में ग्राम तेंदुमुड़ी निवासी कृष्णवल्लभ केषरवानी (बबलू) ने जीत हासिल कर अध्यक्ष पद प्राप्त किया।


अन्य पदों पर भी नियुक्तियां, सर्वसम्मति से बनी नई कार्यकारिणी

उपाध्यक्ष पद पर मंगलता कसेर, कोषाध्यक्ष पद पर रामप्रसाद काष्यकार और सचिव पद पर मनोज काष्यकार को पुनः जिम्मेदारी दी गई। सह सचिव के रूप में चेतन कसेर का नाम प्रस्तावित किया गया। वहीं कमल कुमार कसेर और महेशराम सोनी को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।


नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य स्वागत, विकास का संकल्प

नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों का माला और पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। वरिष्ठ सदस्य नन्दबाबू काष्यकार ने अध्यक्ष को शपथ दिलाई। अध्यक्ष ने समाज के सभी लोगों से सहयोग की अपील करते हुए संगठन के विकास के लिए तन-मन-धन से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

 

Back to top button