
रायपुर कांग्रेस में वार्ड अध्यक्षों की संशोधित सूची जारी, 19 नामों में बदलाव के बाद मिली मंजूरी
रायपुर। कांग्रेस संगठन के भीतर वार्ड अध्यक्षों की सूची को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब संशोधित सूची जारी कर दी गई है। नई सूची में 19 नामों में बदलाव किया गया है, जिसे संगठन की ओर से आधिकारिक मंजूरी भी मिल गई है।
संगठन महामंत्री ने दी स्वीकृति
कांग्रेस संगठन महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू ने आदेश जारी कर सभी नियुक्तियों को अनुमोदित कर दिया है। इसके साथ ही रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई नियुक्तियों को भी हरी झंडी मिल गई है।
पहली सूची को लेकर हुआ था विवाद
इससे पहले रायपुर शहर कांग्रेस द्वारा 66 वार्ड अध्यक्षों की सूची जारी की गई थी, लेकिन पीसीसी ने इसे कुछ ही घंटों में निरस्त कर दिया था। कारण यह बताया गया कि सूची जारी करने से पहले आवश्यक अनुमोदन नहीं लिया गया था, जिससे इसे अवैधानिक माना गया।
समीक्षा बैठक के बाद बढ़ी थी जल्दबाजी
दरअसल, समीक्षा बैठक में कार्यकारिणी और वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति में देरी को लेकर नाराजगी जताई गई थी। इसके बाद शहर कांग्रेस ने जल्दबाजी में सूची जारी कर दी, जिस पर तत्काल आपत्ति दर्ज कर उसे खारिज कर दिया गया था।

19 नामों में बदलाव कर संतुलन बनाने की कोशिश
संशोधित सूची में 19 नामों में बदलाव किया गया है, जिससे संगठन के भीतर संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। नई सूची को आधिकारिक मंजूरी मिलने के बाद अब विवाद थमने की संभावना जताई जा रही है।
विवाद पर लग सकता है विराम
नई सूची जारी होने और अनुमोदन मिलने के बाद कांग्रेस संगठन में चल रही खींचतान के खत्म होने की उम्मीद जताई जा रही है।



