
राशन के लिए 6 बार अंगूठा, सर्वर स्लो से घंटों लाइन में परेशान हितग्राही
बिलासपुर। जिले में राशन वितरण के दौरान तकनीकी खामियों के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ई-पास मशीनों में बार-बार अंगूठा लगाना पड़ रहा है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ रहा है।
एक उपभोक्ता को लग रहा 30-45 मिनट
तीन माह का अग्रिम राशन (चावल और शक्कर) लेने के लिए उपभोक्ताओं को कुल छह बार बायोमेट्रिक सत्यापन करना पड़ रहा है। सर्वर की धीमी गति के कारण एक व्यक्ति को राशन लेने में आधे से पौन घंटे तक का समय लग रहा है।
सर्वर स्लो, बार-बार लगाना पड़ रहा अंगूठा
कई बार अंगूठा मैच नहीं होने या सर्वर डाउन होने से उपभोक्ताओं को बार-बार प्रयास करना पड़ता है। इससे राशन दुकानों में लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
गर्मी में बढ़ी परेशानी
भीषण गर्मी के बीच लाइन में खड़े रहना बुजुर्गों और मजदूरों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। कई लोगों को काम छोड़कर पूरा दिन राशन दुकान के बाहर इंतजार करना पड़ रहा है।
खाद्य विभाग ने बदला समय
स्थिति को देखते हुए खाद्य विभाग ने दुकानों के समय में बदलाव किया है। अब दुकानों को सुबह 7 बजे से खोलने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गर्मी से पहले भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
क्या है सर्वर समस्या की वजह?
अधिकारियों के अनुसार ई-पास मशीनों का सर्वर हैदराबाद से संचालित होता है। पूरे प्रदेश में एक साथ उपयोग होने से सर्वर पर लोड बढ़ जाता है, जिससे कनेक्टिविटी बार-बार बाधित होती है।
जिला खाद्य अधिकारी अमृत कुजुर के अनुसार, तकनीकी समस्या को दूर करने के लिए एनआईसी की टीम लगातार काम कर रही है।


