महिला से छेड़छाड़ और पति से मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 06 मई 2026: कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसके पति के साथ मारपीट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त की है।


कुसमुरा तालाब के पास हुई थी घटना

पुलिस के अनुसार 4 मई को एक महिला ने थाना कोतरारोड़ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ सक्ती जिले से रायगढ़ लौट रही थी। रास्ते में ग्राम बैसपाली के पास बाइक खराब हो गई, जिसके बाद दोनों पैदल वाहन को ढकेलते हुए आ रहे थे।

महिला के अनुसार ग्राम कुसमुरा तालाब के पास वह शौच के लिए गई थी, तभी कार से पहुंचे दो व्यक्तियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके पति के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।


महिला ने मोबाइल से खींची फोटो

घटना के दौरान महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपियों की मोबाइल से तस्वीर खींच ली। अगले दिन महिला ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


दोनों आरोपी गिरफ्तार, कार जब्त

जांच के दौरान आरोपियों की पहचान चैतन्य राणा और उत्तरा कुमार श्रीवास के रूप में हुई। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ग्रे रंग की Maruti Suzuki Celerio कार, चाबी और दस्तावेज भी जब्त किए हैं।


न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: एसएसपी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के खिलाफ अपराध करने वालों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Back to top button