
धमतरी में पैसे के विवाद में बुजुर्ग की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
धमतरी, 07 मई 2026: जिले के भखारा थाना क्षेत्र में पैसे के विवाद को लेकर एक बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बाइक मरम्मत के पैसों को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार मृतक अनु निर्मलकर (65) के नाती साहिल निर्मलकर ने कुछ महीने पहले अपने दोस्त चीकू दीवान से एक बाइक उधार ली थी। बाद में बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसकी मरम्मत में करीब 24 हजार रुपये खर्च हुए।
बताया जा रहा है कि साहिल ने मरम्मत के लिए 5 हजार रुपये दिए थे, लेकिन बाकी रकम को लेकर विवाद चल रहा था।
महावीर चौक में हुआ हमला
जानकारी के अनुसार चीकू दीवान अपने दो साथियों के साथ वार्ड क्रमांक 6 स्थित महावीर चौक पहुंचा और अनु निर्मलकर से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से बुजुर्ग के गले पर हमला कर दिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अनु निर्मलकर को तुरंत धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी चीकू दीवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


