
जमीन बंटवारे के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद पटवारी निलंबित
दुर्ग, 9 मई 2026: दुर्ग जिले में जमीन बंटवारे के काम के बदले पैसे लेने के आरोप में एक पटवारी को निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच कर कार्रवाई की।
मामला भिलाई-3 के अहिवारा तहसील क्षेत्र का है, जहां पदस्थ पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर पर जमीन बंटवारे के एवज में 45 हजार रुपये लेने का आरोप लगा है।
वीडियो वायरल होने पर प्रशासन हरकत में आया
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें पैसों के लेन-देन की चर्चा सामने आई। वीडियो सामने आने के बाद कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर भिलाई-3 के एसडीएम महेश सिंह राजपूत ने तहसीलदार अहिवारा को जांच सौंपी।
जांच में पक्षकारों ने लगाए आरोप
तहसीलदार द्वारा की गई जांच में पक्षकार अमन कुमार टंडन, भूमिस्वामी उत्तम टंडन और संबंधित पटवारी के बयान दर्ज किए गए।
पूछताछ के दौरान पक्षकारों ने बताया कि जमीन बंटवारे का काम कराने के लिए पटवारी को 45 हजार रुपये दिए गए थे।
पटवारी ने भी पैसे लेने की बात स्वीकारी
जांच के दौरान पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर ने अपने बयान में पैसे लेने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि रकम पक्षकार की माता से ली गई थी।
वायरल वीडियो में भी वेतन मिलने के बाद पैसे लौटाने जैसी बात सामने आई थी।
सरकारी नियमों के उल्लंघन पर निलंबन
जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने इसे गंभीर मामला मानते हुए पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एसडीएम महेश सिंह राजपूत ने बताया कि यह आचरण सरकारी कर्मचारी नियमों के खिलाफ है और इसे ड्यूटी में लापरवाही तथा अनुचित व्यवहार की श्रेणी में माना गया है।
तहसील कार्यालय में किया गया अटैच
निलंबन अवधि के दौरान पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय अहिवारा निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
प्रशासन ने कहा है कि सरकारी कार्यों के बदले पैसे लेने की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


