छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं

रायपुर, 10 मई 2026: राजस्थान से झारखंड तक सक्रिय ट्रफ लाइन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शनिवार शाम रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और अंबिकापुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई।

रायपुर के कई इलाकों में बारिश के दौरान अंधेरा छा गया, जबकि भिलाई में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश हुई।


अगले दो दिन तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

हालांकि 11 मई के बाद आंधी-तूफान की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।


राजनांदगांव सबसे गर्म, जगदलपुर सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।


राजस्थान से झारखंड तक एक्टिव है ट्रफ लाइन

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। इसके साथ ही पूर्वी राजस्थान से पूर्वी झारखंड तक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जो मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है।

इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में गरज-चमक, हल्की बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बनी हुई है।


रायपुर में आज भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने रायपुर में रविवार को भी बादल छाए रहने और शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या आंधी चलने की संभावना जताई है।

राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

Back to top button