कोरबा में CBI की कार्रवाई, रिश्वत लेते SECL कर्मचारी गिरफ्तार

कोरबा, 10 मई 2026: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने कोरबा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए SECL कुसमुंडा के सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ एक क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पीएफ राशि निकालने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान मनोहर लाल कौशिक के रूप में हुई है।


पीएफ निकालने के बदले मांगे थे 10 हजार रुपये

जानकारी के अनुसार SECL कुसमुंडा में कार्यरत एक खदान कर्मी अपना पीएफ निकालना चाहता था। इसके लिए उसने सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ क्लर्क मनोहर लाल कौशिक से संपर्क किया।

आरोप है कि क्लर्क ने करीब 5 लाख रुपये की पीएफ राशि निकालने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की और फाइल आगे बढ़ाने के लिए कई बार चक्कर लगवाए।


CBI से शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

क्लर्क की मांग से परेशान होकर खदान कर्मी ने भिलाई स्थित सीबीआई कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई।

रविवार को कार्यालय बंद होने के कारण आरोपी ने खदान कर्मी को किसी अन्य स्थान पर बुलाया था। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, सीबीआई टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।


भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

सीबीआई अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।


कार्रवाई से विभाग में मचा हड़कंप

सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया है। खदान कर्मियों ने कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पीएफ निकासी में देरी और रिश्वतखोरी की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही थीं।

Back to top button