
महिला संबंधी अपराधों में रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई, दुष्कर्म और छेड़खानी के दो आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 10 मई 2026: रायगढ़ पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दुष्कर्म और छेड़खानी के आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई महिला थाना पुलिस द्वारा की गई।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
महिला थाना में 8 मई 2026 को एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2017 में उसकी पहचान आरोपी अकबर अली से मोबाइल के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे वर्ष 2022 में रायगढ़ और बाद में दिल्ली ले गया, जहां करीब दो वर्षों तक शादी का आश्वासन देकर उसके साथ रहा। बाद में आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया।
शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी अकबर अली निवासी थाना जूटमिल क्षेत्र को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान मामले में एट्रोसिटी एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है।
छेड़खानी और मारपीट के आरोपी को भी पकड़ा गया
एक अन्य मामले में महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी अरविंद कुमार गुप्ता अक्सर उसे देखकर अश्लील हरकतें और टिप्पणियां करता था। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।
पीड़िता ने बताया कि 6 मई की रात आरोपी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर ईंट मारकर घायल कर दिया।
महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अरविंद कुमार गुप्ता निवासी टारपाली तेलीपारा, थाना चक्रधरनगर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता और सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


