बीजापुर में नक्सलियों का बंकर बरामद, हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली

बीजापुर : बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम डोडीतुमनार के पटेलपारा स्थित जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक बंकर बरामद किया गया है।

बंकर से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री मिलने की जानकारी सामने आई है।


मुखबिर की सूचना पर चला सर्च ऑपरेशन

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में नक्सलियों ने हथियार और अन्य सामग्री छिपाकर रखी है।

सूचना के आधार पर पुलिस सहायता केंद्र पीडिया और थाना गंगालूर की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्चिंग अभियान शुरू किया।


जमीन के भीतर बनाया गया था बंकर

तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को जमीन के भीतर बनाया गया एक बंकर मिला। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहले डिमाइनिंग प्रक्रिया अपनाई गई और इसके बाद बंकर को सुरक्षित तरीके से खोला गया।


विस्फोटक और तकनीकी सामग्री बरामद

पुलिस के अनुसार बंकर से बड़ी मात्रा में उपयोगी और खतरनाक सामग्री बरामद हुई है। सुरक्षा बलों का मानना है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल नक्सली विस्फोटक तैयार करने और तकनीकी उपकरण बनाने में करते थे।

बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


इलाके में सर्चिंग अभियान जारी

सुरक्षा बलों ने बताया कि क्षेत्र में अभी भी सर्चिंग अभियान जारी है और आसपास के इलाकों की तलाशी ली जा रही है।

Back to top button