
रायपुर ज्वेलरी शॉप चोरी मामले में बड़ा घटनाक्रम, एक विधि से संघर्षरत बालक मृत मिला, दूसरे से आभूषण बरामद
रायपुर के शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलरी शॉप में हुई लाखों रुपये के आभूषण चोरी मामले में जांच के दौरान बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस जांच में संलिप्तता के संदेह के आधार पर तलाश किए जा रहे एक विधि से संघर्षरत बालक का शव उसके घर में मिला है। वहीं दूसरे विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर उससे आभूषण बरामद किए हैं।
दुकान का ताला काटकर हुई थी चोरी
प्रकरण के अनुसार देर रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ज्वेलरी दुकान का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया गया था। दुकान से मुख्य रूप से सोने के आभूषण चोरी होने की जानकारी सामने आई थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिले सुराग
पुलिस ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया।
जांच के दौरान एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया, जिसके पास से कुछ आभूषण बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
दूसरा बालक घर में मृत मिला
पुलिस के अनुसार मामले में संलिप्तता के संदेह के आधार पर तलाश किया जा रहा दूसरा विधि से संघर्षरत बालक बाद में अपने घर में मृत पाया गया।
प्रारंभिक स्तर पर फांसी लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामले की जांच जारी
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही चोरी गए शेष आभूषणों और संभावित अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
अधिकारियों ने कहा है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की विधिसम्मत जांच की जा रही है।


