
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का धरना, खाद्य सामग्री के बढ़ते दामों पर जताया विरोध
रायगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाद्य तेल, किराना सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में धरना प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाजार क्षेत्र में पहुंचकर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया।
किराना बाजार के सामने किया प्रदर्शन
जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में चक्रधर नगर क्षेत्र में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने तख्तियां लेकर नारेबाजी की और खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों को वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाजार में मौजूद लोगों से भी बढ़ती कीमतों को लेकर चर्चा की।
कांग्रेस ने सरकार पर लगाए आरोप
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई के कारण आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री, ईंधन और रसोई से जुड़ी वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से गरीब, मध्यम वर्ग, मजदूर और किसान वर्ग प्रभावित हो रहा है।
विभिन्न वस्तुओं के दामों का किया उल्लेख
कांग्रेस नेताओं ने प्रेस वार्ता और प्रदर्शन के दौरान खाद्य तेल, दाल, आटा, गैस सिलेंडर, पेट्रोल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की वर्तमान कीमतों का उल्लेख करते हुए महंगाई पर चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।
धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नेता उपस्थित रहे।


