
सीतापुर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, दोस्त ने ही मामूली विवाद में की थी युवक की हत्या
रायगढ़, 21 मई 2026। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के सीतापुर में सामुदायिक शौचालय के पास मिले युवक के शव मामले में रायगढ़ पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने मृतक के ही दोस्त अमन बसोड़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने मामूली विवाद में अपने दोस्त तिलक वर्मा की बेरहमी से हत्या करना स्वीकार किया है।
टावर मैदान से शुरू हुआ विवाद, हत्या तक पहुंचा मामला
पुलिस के अनुसार 15 मई की सुबह सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान भगवानपुर निवासी तिलक वर्मा (21 वर्ष) के रूप में की। शव पर सिर और चेहरे में गंभीर चोट के निशान पाए गए।
मृतक के भाई पियूष वर्मा की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दोस्त ही निकला हत्यारा
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना की रात टावर मैदान के पास मृतक तिलक वर्मा और उसके दोस्त अमन बसोड़ के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। घटना के बाद से अमन फरार था, जिससे पुलिस का शक उस पर गहराया।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने पुराना बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर आरोपी अमन बसोड़ को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
ईंट और लोहे के कड़े से किया हमला
आरोपी ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच पहले सीमेंट पोल तोड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ था। बाद में शराब नहीं मिलने पर सामुदायिक भवन के पास फिर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
गुस्से में आरोपी ने पहले हाथ में पहने लोहे के कड़े से हमला किया, फिर पास पड़ी ईंट उठाकर तिलक के सिर, गर्दन और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने किए अहम साक्ष्य जब्त
कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का कड़ा और घटना के समय पहने कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी अमन बसोड़ (21 वर्ष) निवासी भगवानपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर अपराध कर फरार होने वाले अपराधियों को रायगढ़ पुलिस लगातार गिरफ्तार कर रही है। कानून से बचने की किसी को कोई गुंजाइश नहीं है और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


