
रायगढ़ में कबाड़-प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग, हीरो शोरूम की 46 बाइकें जलीं
रायगढ़, 24 मई 2026। रायगढ़ के छातामुड़ा रोड स्थित कबाड़ और प्लास्टिक गोदाम में लगी भीषण आग ने पास स्थित हीरो बाइक शोरूम को भी अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी की इस घटना में शोरूम की करीब 46 नई-पुरानी बाइकें जलकर खाक हो गईं। वहीं आग से बचाने बाहर निकाली गई 2-3 बाइक चोरी होने की भी जानकारी सामने आई है।
कबाड़ गोदाम से शोरूम तक पहुंची आग
शनिवार दोपहर छातामुड़ा रोड स्थित कबाड़-प्लास्टिक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इसकी लपटें बगल में स्थित हीरो बाइक शोरूम तक पहुंच गईं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। प्लास्टिक और कबाड़ सामग्री अधिक होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
11 फायर ब्रिगेड ने रातभर किया रेस्क्यू
जिला कमांडेंट ब्लासियुज कुजूर ने बताया कि आग बुझाने के लिए करीब 11 फायर ब्रिगेड वाहन लगाए गए थे। दमकल कर्मियों ने पूरी रात आग बुझाने का प्रयास किया।
उन्होंने बताया कि प्लास्टिक सामग्री के कारण ऊपर से आग बुझने के बाद भी अंदर सुलगती रही, जिससे बार-बार धुआं और आग उठती रही। रविवार सुबह तक आग पर लगभग काबू पा लिया गया, हालांकि गोदाम से अब भी धुआं निकल रहा है।
शोरूम की 46 बाइकें प्रभावित
हीरो शोरूम के मैनेजर आस्टिन जॉर्ज ने बताया कि आग की लपटें तेजी से शोरूम तक पहुंच गई थीं। आग से बचाने के लिए कई बाइकें बाहर निकाली गईं, लेकिन इसके बावजूद भारी नुकसान हुआ।
प्रारंभिक आंकलन में 43 बाइकें पूरी तरह जली हुई मिलीं, जबकि स्टॉक जांच में 2-3 बाइक कम पाई गईं, जिन्हें चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। कुल मिलाकर करीब 46 गाड़ियों के नुकसान की बात सामने आई है।
वर्कशॉप और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित
आग के कारण शोरूम का कंप्रेसर पूरी तरह जल गया। वर्कशॉप की दीवारों में दरारें आ गईं और बिजली वायरिंग समेत कई अन्य उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए।
बताया जा रहा है कि घटना के समय शोरूम में करीब 400 बाइकें मौजूद थीं। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और नुकसान अधिक हुआ।
वाहन भी जलकर राख
कबाड़ गोदाम में खड़े एक माजदा वाहन और एक छोटा हाथी वाहन भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए। फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग नुकसान का विस्तृत आंकलन कर रहे हैं।


