गंगासागर तालाब को मिला नया स्वरूप, जिंदल फाउंडेशन ने कराया विकास कार्य

रायगढ़। ग्राम बरमुडा स्थित गंगासागर तालाब का अब बदला हुआ स्वरूप ग्रामीणों को आकर्षित कर रहा है। करीब 10 एकड़ क्षेत्र में फैले इस तालाब का गहरीकरण, पचरी निर्माण और विकास कार्य जिंदल फाउंडेशन द्वारा कराया गया, जिसके पूर्ण होने के बाद मंगलवार को लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी अवसर पर गांव में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जिंदल स्टील लिमिटेड के कार्यपालन निदेशक देबोज्योति रॉय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड पार्षद विष्णुचरण पटेल ने की। समारोह में जिंदल स्टील एवं जिंदल सीमेंट इंडस्ट्रीज के कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

जल संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

तालाब के गहरीकरण और संवर्धन से अब जल भंडारण क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे गांव और आसपास के क्षेत्रों में भू-जल स्तर बनाए रखने में मदद मिलेगी। ग्रामीणों को सिंचाई और दैनिक उपयोग के लिए भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देबोज्योति रॉय ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की बड़ी आवश्यकता है और इसी उद्देश्य से जिंदल फाउंडेशन विभिन्न क्षेत्रों में तालाबों के संरक्षण एवं विकास का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि गंगासागर तालाब का विकास आने वाले वर्षों में ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित होगा।

सामुदायिक भवन का भी हुआ भूमिपूजन

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान गांव में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। बताया गया कि यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए उपयोगी रहेगा, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

ग्रामीणों ने जताया आभार

वार्ड पार्षद विष्णुचरण पटेल ने कहा कि गांव में लंबे समय से तालाब के गहरीकरण की मांग की जा रही थी। जिंदल फाउंडेशन ने इस आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए कार्य पूरा कराया, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

उन्होंने फाउंडेशन द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कंपनी के सीएसआर और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Back to top button