प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार

जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामजूनवानी खारापारा में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपियों ने एक युवक को जमीन पर पटककर पत्थर से उसका सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक और आरोपी की पत्नी के बीच था पुराना विवाद

मृतक की पहचान सुशील खलखो (34) निवासी ग्राम जामजूनवानी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी के बीच पिछले तीन से चार वर्षों से प्रेम संबंध को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले में पहले भी प्रकरण दर्ज हुआ था और सुशील खलखो जेल भी जा चुका था। वह करीब डेढ़ माह पहले जमानत पर रिहा हुआ था।

बताया जा रहा है कि जेल से बाहर आने के बाद भी मृतक और महिला के बीच संपर्क बना हुआ था। सामाजिक स्तर पर हुई बैठक के बाद परिस्थितियों के अनुसार महिला को मृतक के साथ रहने की सहमति दी गई थी, जिससे आरोपी परिवार में नाराजगी और बढ़ गई थी।

घर के बाहर की गई बेरहमी से हत्या

घटना 27 मई 2026 की रात की बताई जा रही है। प्रार्थिया जानकी लकड़ा (35) ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे घर के बाहर शोर-शराबा सुनकर वह बाहर निकली। वहां उसने देखा कि तीनों आरोपी मिलकर सुशील खलखो के साथ मारपीट कर रहे थे।

आरोपियों ने पहले उसे जमीन पर पटक दिया और फिर पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर कई बार वार किए। गंभीर चोट लगने से सुशील खलखो की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे।

पिता, पुत्र और चाचा निकले आरोपी

पुलिस ने जांच के दौरान तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में जयलाल एक्का (34), जयमन एक्का (36) तथा एक 17 वर्षीय किशोर शामिल है। तीनों आरोपी आपस में पिता, पुत्र और चाचा बताए जा रहे हैं।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की वारदात को स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

इन धाराओं के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

डीआईजी ने दी जानकारी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग से उपजे विवाद में हुई इस हत्या के मामले में एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button