
शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 1.77 करोड़ की ठगी, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव समेत कई लोग बने शिकार
रायपुर। शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे और आकर्षक रिटर्न का लालच देकर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव सहित दर्जनभर से अधिक लोगों से 1 करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हर महीने 6 प्रतिशत ब्याज का दिया लालच
जानकारी के अनुसार दरोगापारा निवासी संजय मिश्रा की मुलाकात वर्ष 2022 में पश्चिम बंगाल निवासी विश्वजीत देवनाथ से हुई थी। आरोपी ने खुद को एलईडी बल्ब निर्माण और शेयर ट्रेडिंग व्यवसाय से जुड़ा बताते हुए निवेश पर हर महीने 6 प्रतिशत ब्याज और मूलधन पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त रिटर्न देने का दावा किया।
बैंक से लोन लेकर किया निवेश
आरोपी के झांसे में आकर संजय मिश्रा ने बैंक से 12 लाख रुपये का ऋण लेकर निवेश किया। शुरुआती कुछ महीनों तक आरोपी द्वारा तय राशि का भुगतान किया गया, जिससे निवेशकों का भरोसा और बढ़ गया।
परिचितों को भी जोड़ा, बढ़ता गया निवेश
नियमित भुगतान मिलने के बाद संजय मिश्रा ने अपने परिचितों और साथियों को भी इस योजना के बारे में बताया। धीरे-धीरे कई लोगों ने इसमें निवेश करना शुरू कर दिया और कुल निवेश राशि बढ़कर 1 करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपये तक पहुंच गई।
डीमैट अकाउंट नहीं खुलने पर हुआ शक
मामले का खुलासा तब हुआ जब निवेशकों को जानकारी मिली कि शेयर ट्रेडिंग के लिए डीमैट अकाउंट होना अनिवार्य है। आरोप है कि आरोपी ने सभी निवेशकों का डीमैट अकाउंट खुलवाने का भरोसा दिया था, लेकिन लंबे समय तक किसी को न तो डीमैट अकाउंट की जानकारी मिली और न ही उससे जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।
खुद को ठगा महसूस कर पहुंचे थाने
जब निवेशकों को पूरे मामले पर संदेह हुआ तो उन्होंने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई। इसके बाद खुद को ठगी का शिकार समझते हुए पीड़ितों ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस निवेश के नाम पर जुटाई गई रकम, आरोपी की भूमिका और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और निवेशकों को हुए नुकसान तथा कथित फर्जीवाड़े की परतें खोलने का प्रयास किया जा रहा है।


