पुसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : जमीन बेचने के नाम पर 27 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाला पंचायत सचिव गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ जिले में आर्थिक और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुसौर थाना पुलिस ने जमीन बेचने के नाम पर 27 लाख रुपये की भारी-भरकम धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पेशे से शासकीय सेवक (पंचायत सचिव) है, जिसने फर्जी दस्तावेजों के सहारे अपने ही बचपन के मित्र को ठगी का शिकार बनाया।

35 लाख रुपये में तय हुआ था सौदा, एडवांस के रूप में लिए 27 लाख

जानकारी के अनुसार, ग्राम लिंजिर (थाना बरमकेला, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) निवासी प्रार्थी इंद्रजीत वर्मा (50 वर्ष) ने 5 जून 2026 को पुसौर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि ग्राम बघनपुर निवासी भीचरण पटेल से उसकी बचपन की दोस्ती थी। भीचरण ने पुसौर तहसील के ग्राम कोडातराई स्थित खसरा नंबर 1021/2 की अपनी जमीन बेचने का प्रस्ताव रखा। जमीन पसंद आने पर 16 सितंबर 2022 को दोनों के बीच 35 लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसके तहत प्रार्थी ने 27 लाख रुपये एडवांस (अग्रिम राशि) के तौर पर दे दिए और 100 रुपये के स्टाम्प पर लिखापढ़ी भी की गई।

फर्जी दस्तावेज दिखाकर करता रहा गुमराह, तहसील कार्यालय से खुला राज

आरोपी ने पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए किसान किताब और अन्य दस्तावेज दिखाए थे। वह नामांतरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद रजिस्ट्री कराने का आश्वासन देकर लंबे समय तक बहाने बनाता रहा। जब पीड़ित ने खुद तहसील कार्यालय जाकर जानकारी जुटाई, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि संबंधित जमीन के बारे में आरोपी के नाम पर कोई राजस्व प्रकरण लंबित ही नहीं है और वह जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज है। धोखाधड़ी का अहसास होने पर जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगा।

रुपये लौटाने के नाम पर दिए चेक भी हुए बाउंस, मामला दर्ज

लगातार दबाव बनाने पर आरोपी ने पुलिस में शिकायत न करने का अनुरोध करते हुए पीड़ित को 5 लाख रुपये का एक और 11-11 लाख रुपये के दो चेक थमा दिए। जब इन चेकों को बैंक में लगाया गया, तो वे सभी बाउंस हो गए। इसके बाद जनवरी 2025 में आरोपी ने किसी तरह केवल 1 लाख रुपये वापस किए और शेष राशि को लेकर लगातार बहानेबाजी करता रहा। फर्जी कागजात दिखाकर ठगी करने के इस मामले में पुसौर थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 159/2026, धारा 420 भादवि (IPC) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आरोपी पंचायत सचिव गिरफ्तार, एसएसपी ने दी दस्तावेजों को जांचने की सलाह

जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस द्वारा आरोपी भीचरण पटेल (54 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ उपनिरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक योगेश यादव, दिव्या बंजारे और पुसौर स्टाफ की मुख्य भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के जमीन या संपत्ति के सौदे से पहले राजस्व दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन जरूर कर लें ताकि ऐसे धोखे से बचा जा सके।

Back to top button