मंकी रिजॉर्ट के पीछे चल रही जुए की फड़ पर पुलिस का छापा, 15 जुआरी गिरफ्तार
दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध जुआ संचालन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। गोकुलधाम स्थित मंकी रिजॉर्ट के पीछे चल रही जुए की फड़ पर दबिश देकर पुलिस ने नगदी, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत लाखों रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई लोग जुआ खेलते हुए पाए गए, जिन्हें मौके से हिरासत में लिया गया।
रेड के दौरान पुलिस ने 1 लाख 82 हजार रुपये नकद, ताश की गड्डियां, 12 मोटरसाइकिल, 17 स्मार्टफोन और 2 कीपैड मोबाइल जब्त किए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 4 लाख 34 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनू चौहान, फिरोज खोखर, शब्बीर खान, मोहम्मद जावेद, मोहम्मद जुनैद, पारस चंद्राकर, अजीम अहमद, मोहम्मद जमील, एकांत साहू, जमील खान, शिवा साहू, मृत्युंजय चंद्राकर, साहिद, चंद्रपाल यादव और प्रकाश देवांगन शामिल हैं। सभी आरोपी दुर्ग और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।




