हत्या के प्रयास का चर्चित आरोपी ‘सन्नी सरदार’ 2 साल बाद गिरफ्तार
“ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता: , 3 साथियों को पहले ही हो चुकी है 10-10 साल की जेल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रही विशेष “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ की सिटी कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने हत्या के प्रयास (अटेम्प्ट टू मर्डर) के एक बेहद चर्चित और सनसनीखेज मामले में पिछले लगभग दो वर्षों से कानून की आंख में धूल झोंककर फरार चल रहे मुख्य आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल दाखिल करा दिया गया है।
पंजाब का रहने वाला है आरोपी, तीन साथियों को कोर्ट सुना चुका है 10-10 वर्ष की कठोर सजा
कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किया गया आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार मूल रूप से पंजाब के अमृतसर जिले का रहने वाला है, जो रायगढ़ में रहकर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था। वह सिटी कोतवाली थाने में दर्ज जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से भूमिगत था। गौरतलब है कि इसी वीभत्स कांड में शामिल उसके तीन अन्य साथियों— राजवीर सिंह, जसदेव सिंह उर्फ जस्सू कंग और राज बरेठ को माननीय न्यायालय द्वारा पूर्व में ही (30 अक्टूबर 2025 को) दोषी करार देते हुए 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास (कठोर जेल) की सजा सुनाई जा चुकी है, जबकि सन्नी सरदार तब से पुलिस को चकमा दे रहा था।
क्या था पूरा घटनाक्रम? जिम के सामने किया था जानलेवा हमला
यह पूरा विवाद 7 दिसंबर 2024 की रात का है। पीड़ित साहिल ठाकुर अपने कुछ दोस्तों के साथ शहर के पोस्ट ऑफिस के पीछे स्थित जिम के सामने ठंड से बचने के लिए आग ताप रहा था। इसी दौरान एक स्विफ्ट डिजायर (Swift Dzire) कार में सवार होकर आए आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर अचानक साहिल ठाकुर पर लोहे की रॉड और भारी लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। हमला इतना बर्बर था कि साहिल के सिर, चेहरे, हाथ-पैर और जबड़े पर गंभीर फ्रैक्चर आए, उसका एक दांत टूट गया और जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त अमन सिंह ठाकुर को भी आरोपियों ने पीटकर लहुलूहान कर दिया था।
रायपुर में चला था इलाज, पुलिस ने जुटाए थे वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना के बाद मरणासन्न स्थिति में घायल साहिल ठाकुर को रायगढ़ के स्थानीय अस्पताल से तत्काल रायपुर के उच्च स्तरीय अस्पताल में रेफर कर महीनों इलाज कराया गया था। मामले में अमन सिंह ठाकुर की लिखित शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से रक्तरंजित मिट्टी, पीड़ित के खून से सने कपड़े, गवाहों के बयान और आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, हथियार और प्रयुक्त स्विफ्ट कार जब्त कर कोर्ट में पुख्ता चार्जशीट पेश की थी, जिसके आधार पर तीन आरोपियों को जेल हो गई थी।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया, बांस का डंडा भी बरामद
आरोपी सन्नी सरदार की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पुलिस “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत लगातार उसके गृह राज्य पंजाब और छत्तीसगढ़ के संभावित ठिकानों पर नजर रखे हुए थी। हाल ही में कोतवाली थाना प्रभारी को आरोपी के रायगढ़ के आसपास छिपे होने का सटीक इनपुट मिला। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे अभिरक्षा में लिया। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का भारी डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
इस महत्वपूर्ण और सराहनीय कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, सहायक उपनिरीक्षक (ASI) गौतम ठाकुर एवं कोतवाली थाने के पुलिस स्टाफ की मुख्य भूमिका रही। इस कामयाबी पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि गंभीर और खूंखार अपराधों को अंजाम देकर फरार होने वाले अपराधियों की जगह सिर्फ जेल की सलाखों के पीछे है और कानून से बचने की अपराधियों की हर चाल को रायगढ़ पुलिस इसी तरह नेस्तनाबूद करती रहेगी।



