डीएमएफ से रायगढ़ जिले में 26 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी, स्वास्थ्य सुविधाओं पर सबसे अधिक जोर
रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रयासों से रायगढ़ जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 26 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। जिला प्रशासन के अनुसार इन परियोजनाओं से जिले के हजारों परिवारों को लाभ मिलेगा।
विजयपुर में बनेगा 100 बिस्तरों का हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर
स्वीकृत कार्यों में सबसे बड़ी परियोजना रायगढ़ शहर के विजयपुर क्षेत्र में 16 करोड़ 73 लाख 27 हजार रुपये की लागत से 100 बिस्तरों वाले सीनियर सिटीजन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निर्माण है। यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
चार विकासखंडों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
लैलूंगा, धरमजयगढ़, घरघोड़ा और तमनार विकासखंडों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र तथा मातृ एवं शिशु अस्पतालों के निर्माण एवं उन्नयन के लिए कुल 9 करोड़ 52 लाख 71 हजार रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।
नए पशु चिकित्सालय भवनों को मंजूरी
पशुपालकों की सुविधा के लिए रायगढ़ विकासखंड के पतरापाली सहित मुरालीपाली, झगरपुर, तोलगे, पखनाकोट, गौरबहरी, नूनदरहा और गीधा में नए पशु चिकित्सालय भवनों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।
पेयजल योजनाओं का होगा विस्तार
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता बढ़ाने के लिए लैलूंगा, तमनार, घरघोड़ा और रायगढ़ विकासखंड के विभिन्न गांवों में नलकूप खनन एवं पंप स्थापना के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
शिक्षा और पोषण संबंधी अधोसंरचना को भी मिलेगा लाभ
तमनार विकासखंड के पेलमा और लालपुर में नए आंगनबाड़ी भवन बनाए जाएंगे। वहीं पेलमा और खर्रा में प्राथमिक शाला भवन तथा रायगढ़ विकासखंड के लामीदरहा में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश
जिला प्रशासन ने सभी निर्माण एजेंसियों को स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पशु चिकित्सा और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा तथा जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।



