रायगढ़ जिला जेल का कलेक्टर और एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण

सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की सुविधाओं और जेल प्रबंधन का लिया जायजा, अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शुक्रवार को जिला जेल रायगढ़ का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के., एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदी बैरकों, जेल अस्पताल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, प्रिजन कॉलिंग सुविधा, बंदी मुलाकात कक्ष और पाकशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं प्रत्येक बंदी तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचनी चाहिए।

कलेक्टर और एसएसपी ने जेल में निरुद्ध बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंदियों की शिकायतों का संवेदनशीलता और नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदी मुलाकात कक्ष में मौजूद परिजनों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि यदि जेल में मारपीट, अवैध धन वसूली या किसी अन्य प्रकार की अनियमितता की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।

कलेक्टर और एसएसपी ने जेल परिसर में प्रतिबंधित सामग्री की आपूर्ति रोकने, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक गोवर्धन सिंह सोरी ने जेल में संचालित व्यवस्थाओं, सुधारात्मक गतिविधियों और बंदियों के पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी अधिकारियों को दी।

Back to top button