ऑपरेशन क्लीन हंट : पत्नी और ससुर पर जानलेवा हमला करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
तीन माह से फरार आरोपी सरगुजा से दबोचा गया, वारदात में प्रयुक्त सब्बल और टंगिया बरामद
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्नी और ससुर पर जानलेवा हमला करने के मामले में करीब तीन माह से फरार आरोपी को सरगुजा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और धारदार टंगिया भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को सरगुजा जिले के चैनपुर निवासी जेरोमिना किस्पोट्टा (30) ने थाना कापू में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपने पति अमिताप लकड़ा के साथ मायके ग्राम ठाकुरनगर आई हुई थीं। रात के भोजन के दौरान सब्जी को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए लोहे के सब्बल से पत्नी पर हमला कर दिया।
पत्नी को बचाने पहुंचे पीड़िता के पिता रघुराम किस्पोट्टा पर भी आरोपी ने धारदार टंगिया से हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकीय परीक्षण में उनकी चोटों को गंभीर श्रेणी का पाया गया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना कापू में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 118(2) एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना प्रभारी उपनिरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की लगातार तलाश की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सरगुजा जिले के थाना सीतापुर क्षेत्र के ग्राम चैनपुर में घेराबंदी कर अमिताप लकड़ा (35) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और धारदार टंगिया बरामद किए गए। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी इगेश्वर यादव सहित थाना कापू पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद या किसी भी कारण से की गई हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है। ऐसे गंभीर मामलों में फरार आरोपियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


