रायपुर में 4.18 किलो गांजा के साथ ओडिशा का तस्कर गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही सप्लाई नेटवर्क

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 4.180 किलोग्राम गांजा के साथ ओडिशा के एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2.09 लाख रुपये मूल्य का गांजा और नकदी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को सूचना मिली थी कि पंडरी थाना क्षेत्र के कापा स्थित माल धक्का रोड के पास एक व्यक्ति बैग में गांजा लेकर बिक्री की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) मयंक गुर्जर के निर्देशन में संयुक्त टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मानस रंजन नाग (28) निवासी ग्राम सिनापाली, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) तथा वर्तमान पता लोधीपारा, पंडरी, रायपुर बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 4.180 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ 500 रुपये नकद भी जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.09 लाख रुपये बताई गई है।

आरोपी के खिलाफ पंडरी थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गांजा तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि पूरे सप्लाई नेटवर्क का खुलासा कर उससे जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।

Back to top button