कोरबा में ज्वेलरी शॉप लूटकांड के फरार आरोपियों की तस्वीर जारी, सूचना देने पर ₹10 हजार का इनाम
कोरबा। कोरबा पुलिस ने कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में हुई लूट की कोशिश के मामले में फरार तीन अज्ञात आरोपियों की तस्वीरें सार्वजनिक की हैं। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में तीन नकाबपोश बदमाश लूट की नीयत से घुस गए थे। आरोपियों ने दुकान संचालक को देशी कट्टा दिखाकर धमकाया और उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर लूट का प्रयास किया। हालांकि वारदात पूरी तरह सफल नहीं हो सकी और आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीनों आरोपियों की तस्वीरें सामने आईं। इन्हीं तस्वीरों के आधार पर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को आरोपियों के संबंध में कोई महत्वपूर्ण जानकारी हो, जिससे उनकी गिरफ्तारी संभव हो सके, तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
सूचना देने के लिए संपर्क करें:
- पुलिस अधीक्षक, कोरबा: 07759-224500
- थाना कटघोरा: 07815-250331
- पुलिस कंट्रोल रूम, कोरबा: 07759-224031, 07759-222483


