पुसौर पुलिस ने केबल वायर चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ जिले के पुसौर थाना पुलिस ने खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल के केबल वायर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब दो किलोग्राम तांबे का तार तथा वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में किसानों के बोरवेल से केबल वायर चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में 5 जुलाई 2026 को ग्राम रेंगालपाली निवासी ऋषिकेश साव उर्फ संतोष साव (35) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके खेत से करीब 100 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है, चोरी हो गई है। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विक्रांत सिदार (22) और दिगंबर मांझी (26), दोनों निवासी रेंगालपाली, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब दो किलोग्राम तांबे का तार तथा घटना में इस्तेमाल की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, केबल चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस एवं पुसौर थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button