अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटक और अन्य सामग्रियों का बड़ा जखीरा बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरामद सामग्री में करीब 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी, रॉकेट लॉन्चर, मोर्टार तथा अन्य विस्फोटक सामग्री और उपयोगी उपकरण शामिल हैं। सुरक्षाबलों ने मौके से मिले सामान को जब्त कर सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने और नक्सलियों के ठिकानों को ध्वस्त करने के उद्देश्य से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान यह सफलता मिली है।

सुरक्षा एजेंसियां बरामद सामग्री के आधार पर नक्सलियों की गतिविधियों और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है।

Back to top button