रायगढ़ में ओबीसी कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे कन्हैया लाल पटेल
प्रदेश स्तरीय बैठक में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर हुआ मंथन
रायगढ़। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों की पहली बैठक 6 जुलाई 2026 को रायपुर में प्रदेश अध्यक्ष केशव चंद्राकर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में रायगढ़ जिला ओबीसी कांग्रेस के अध्यक्ष कन्हैया लाल पटेल ने सक्रिय सहभागिता करते हुए जिले में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष भावेश बघेल, प्रभारी महामंत्री (कार्यालय) शीत श्रीवास, वरिष्ठ पदाधिकारी नंदकुमार पटेल सहित प्रदेशभर से नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देना और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की रणनीति तैयार करना था।
प्रदेश अध्यक्ष केशव चंद्राकर ने सभी जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि ओबीसी कांग्रेस संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक सशक्त बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिला अध्यक्ष अपने क्षेत्र में संगठन विस्तार करते हुए सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा, पिछड़ा वर्ग के अधिकारों तथा कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में सदस्यता अभियान को व्यापक रूप से चलाने, बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की नियुक्ति तथा संगठनात्मक मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के बाद रायगढ़ जिला ओबीसी कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया लाल पटेल ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिए गए मार्गदर्शन का पूरी प्रतिबद्धता के साथ पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रायगढ़ जिले में ओबीसी कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं, महिलाओं और पिछड़ा वर्ग के लोगों को अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन के माध्यम से कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को जिले के प्रत्येक नागरिक तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
प्रदेश स्तरीय इस बैठक में रायगढ़ की सक्रिय भागीदारी को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आगामी दिनों में जिले में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को लेकर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना है।



