सामुदायिक विकास में बालको निभा रहा अहम भूमिका : मंत्री लखन लाल देवांगन

सोनपुरी में सामुदायिक भवन का लोकार्पण, पाढ़ीमार में नए भवन निर्माण का हुआ भूमि पूजन

बालकोनगर, 10 जुलाई 2026। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा सोनपुरी ग्राम पंचायत में नव निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण तथा पाढ़ीमार, बालकोनगर में नए सामुदायिक भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

सोनपुरी में आयोजित लोकार्पण समारोह में बालको के मुख्य कॉर्पोरेट अफेयर्स एवं प्रशासन अधिकारी कैप्टन धनंजय मिश्रा मौजूद रहे। वहीं पाढ़ीमार में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में मंत्री लखन लाल देवांगन के साथ कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत, कन्नौजिया राठौर समाज बालकोनगर के अध्यक्ष जय राठौर, पार्षद हितानंद अग्रवाल, रजत प्रसाद खूटे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, बालको के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

मंत्री लखन लाल देवांगन ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए बालको प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि बालको केवल औद्योगिक उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन कर रहा है।

उन्होंने कहा, “सामुदायिक भवन जैसे विकास कार्य ग्रामीणों के सामाजिक आयोजनों और ग्राम विकास से जुड़े निर्णयों के महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगे। बालको शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सड़क, पेयजल, बिजली और रोजगार जैसे क्षेत्रों में लगातार योगदान देकर स्थानीय समुदाय के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का कार्य कर रहा है। उद्योग और समाज के इस सहयोग से कोरबा के विकास को नई गति मिल रही है।”

उन्होंने ग्रामवासियों से सामुदायिक भवन को अपनी संपत्ति मानकर उसकी देखरेख करने और गांव के विकास के लिए उसका उपयोग करने का भी आग्रह किया।

बालको की सीएसआर इकाई द्वारा संचालित आधारभूत संरचना विकास पहल के अंतर्गत सोनपुरी पंचायत में निर्मित सामुदायिक भवन सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों के लिए उपयोगी केंद्र के रूप में कार्य करेगा। इससे पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों को विभिन्न आयोजनों और बैठकों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

वहीं पाढ़ीमार में प्रस्तावित सामुदायिक भवन के निर्माण से क्षेत्र के सामाजिक और सामुदायिक जीवन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

बालको के सीईओ राजेश सिंह ने कहा कि कंपनी स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में समुदाय के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा, “सामुदायिक भवन और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के माध्यम से हमारा प्रयास लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देना और क्षेत्र के समग्र विकास में योगदान देना है।”

बालको सीएसआर के आधारभूत संरचना विकास कार्यक्रम के अंतर्गत पिछले तीन वर्षों में 85 से अधिक विकास कार्य किए जा चुके हैं। इनमें सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन, बच्चों के पार्क, आंगनबाड़ी केंद्रों और शासकीय विद्यालयों के नवीनीकरण जैसे कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से 20 गांवों के 20 हजार से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं।

पिछले दो महीनों में भी कंपनी ने नेहरू नगर सामुदायिक भवन, सिविक सेंटर स्थित जुबली पार्क और स्मृति उद्यान जैसे महत्वपूर्ण अधोसंरचना विकास कार्यों को पूरा किया है। बालको ने कहा है कि वह भविष्य में भी सामुदायिक विकास और क्षेत्रीय प्रगति के लिए इसी प्रकार कार्य करता रहेगा।

Back to top button