मुख्यमंत्री की पहल से 24 घंटे में मिली ट्राइसाइकिल, दिव्यांग गणेश राम यादव के जीवन को मिली नई रफ्तार
मार्मिक खबर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लिया तत्काल संज्ञान, 24 घंटे में पहुंची सहायता
रायगढ़, 12 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम कमोसिनडांड निवासी जन्म से दिव्यांग गणेश राम यादव को महज 24 घंटे के भीतर ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी गई। एक मार्मिक समाचार प्रकाशित होने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही समाज कल्याण विभाग और जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के माध्यम से ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। शासकीय अवकाश के बावजूद अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए सहायता प्रक्रिया पूरी की।
गौरतलब है कि हाल ही में गणेश राम यादव की ऐसी तस्वीर सामने आई थी, जिसमें वे हाथों के सहारे चलकर अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करते नजर आ रहे थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने और दुर्गम क्षेत्र में निवास के कारण उन्हें वर्षों से ट्राइसाइकिल जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिल सकी थी।
प्रशासनिक टीम जब उनके घर पहुंची, तब गणेश राम यादव घर पर मौजूद नहीं थे। ऐसे में ट्राइसाइकिल उनके बड़े भाई विचित्र यादव को सौंपते हुए निर्देश दिया गया कि गणेश राम के लौटते ही उन्हें यह उपलब्ध करा दी जाए।
परिजनों ने बताया कि गणेश राम यादव, उनके बड़े भाई विचित्र यादव तथा परिवार की सदस्य चंद्रवती तीनों दिव्यांग हैं। दोनों भाइयों को नियमित रूप से दिव्यांग पेंशन मिल रही है। परिवार को महतारी वंदन योजना और राशन कार्ड के माध्यम से खाद्यान्न का भी लाभ मिल रहा है।
परिजनों ने कहा कि ट्राइसाइकिल मिलने से अब गणेश राम यादव को आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने और दैनिक कार्यों में काफी सुविधा होगी तथा उनके जीवन में आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और प्रशासन की इस त्वरित एवं संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित और सुशासन का उदाहरण बताया।



