जशपुर : कलेक्टर ने कर्मचारियों को समयपालन और ई-ऑफिस व्यवस्था के दिए सख्त निर्देश

15 अगस्त के बाद आधार आधारित उपस्थिति से मिलेगा वेतन, लंच ब्रेक रहेगा 30 मिनट

जशपुर, 21 जुलाई। कलेक्टर रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सभी विभागों के बाबू एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक लेकर कार्यालयीन व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिदिन सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचकर आधार आधारित उपस्थिति दर्ज कराने तथा शाम 5:30 बजे कार्यालय छोड़ते समय भी उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य करने के निर्देश दिए।

15 अगस्त के बाद आधार उपस्थिति के आधार पर होगा वेतन भुगतान

कलेक्टर ने कहा कि 15 अगस्त के बाद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन आधार आधारित उपस्थिति के अनुसार ही जारी किया जाएगा। जिन कर्मचारियों का आधार अपडेट नहीं होगा अथवा उपस्थिति दर्ज नहीं होगी, उनके अनुपस्थित दिनों का वेतन काटा जाएगा।

लंच ब्रेक केवल 30 मिनट, बाहर नहीं जाएंगे कर्मचारी

उन्होंने निर्देश दिए कि लंच ब्रेक केवल आधे घंटे का रहेगा। बाहर से आने वाले कर्मचारी अपना भोजन साथ लेकर आएं। लंच के दौरान कार्यालय में अनावश्यक अनुपस्थिति नहीं होनी चाहिए, ताकि काम से आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आम नागरिकों से शालीन व्यवहार के निर्देश

कलेक्टर ने सभी कर्मचारियों को आम नागरिकों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में आने वाले लोगों के कार्यों का समय पर और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।

ई-ऑफिस और ई-एचआरएमएस का अनिवार्य उपयोग

बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को ई-ऑफिस और ई-एचआरएमएस के माध्यम से ही कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-फाइल के माध्यम से प्राप्त डाक का तीन दिनों के भीतर निराकरण किया जाए तथा किसी भी कार्यालय में ई-ऑफिस से संबंधित फाइल लंबित नहीं रहनी चाहिए। हार्ड कॉपी के बजाय ई-फाइल प्रणाली को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।

बिना सूचना कार्यालय से अनुपस्थित नहीं रहेंगे कर्मचारी

उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी को कार्यालय से बाहर जाने से पहले अपने विभाग प्रमुख को जानकारी देना अनिवार्य होगा। बिना सूचना कार्यालय से अनुपस्थित रहने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शौचालयों की नियमित सफाई के निर्देश

कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट परिसर के सभी शौचालयों की प्रतिदिन सुबह और दोपहर में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर में स्वच्छता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Back to top button